किशनगढ़बास में पेट्रोल की कालाबाजारी पर जिला प्रशासन का बड़ा प्रहार, 10,910 लीटर पेट्रोलियम पदार्थ जब्त

खैरथल-तिजारा, 7 जुलाई। जिला कलेक्टर श्री अतुल प्रकाश के निर्देश पर पेट्रोल की कालाबाजारी रोकने के लिए जिला रसद विभाग द्वारा किशनगढ़बास क्षेत्र में व्यापक छापामार अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान दो अलग-अलग कार्रवाइयों में अवैध रूप से संग्रहित एवं बेचे जा रहे कुल 10,910 लीटर पेट्रोलियम पदार्थ, कई वाहन, ड्रम एवं उपकरण जब्त किए गए। दोनों मामलों में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

जिला रसद अधिकारी श्री राकेश सोनी के नेतृत्व में गठित टीम में श्रीमती एकता गहलावत (प्रवर्तन निरीक्षक), श्री अजीत कुमार शर्मा (सहायक प्रोग्रामर) एवं श्री ललित कुमार (वाहन चालक) शामिल रहे।

जाटका गांव में 4400 लीटर पेट्रोल बरामद

जिला रसद विभाग की टीम ने किशनगढ़बास तहसील के ग्राम जाटका में छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। जांच के दौरान सरजीत निवासी गुजरीवास (तहसील कोटकासिम) एवं राहुल निवासी कांकरा (तहसील किशनगढ़बास) अवैध रूप से पेट्रोल का कारोबार करते पाए गए।

कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके से 4400 लीटर पेट्रोल, 22 प्लास्टिक ड्रम तथा दो पिकअप वाहन RJ32GE0265 एवं RJ32GE4598 के साथ एक बोलेरो वाहन RJ02UB5880 जब्त किया। दोनों आरोपियों के विरुद्ध किशनगढ़बास थाने में एफआईआर दर्ज करवाई गई।

कांकरा गांव में 6510 लीटर ज्वलनशील पदार्थ जब्त

इसी प्रकार 3 जुलाई 2026 को किशनगढ़बास क्षेत्र के ग्राम कांकरा में भी बड़ी कार्रवाई की गई। यहां कोशीन्द्र गुर्जर नामक व्यक्ति अवैध रूप से पेट्रोलियम पदार्थ का कारोबार करता पाया गया।

मौके पर पहुंची टीम ने जांच के दौरान 310 लीटर पेट्रोलियम पदार्थ (दो नीले ड्रम), 4800 लीटर पारदर्शी भूरे रंग का तरल पेट्रोलियम पदार्थ (24 नीले ड्रम) तथा 1400 लीटर पानी के रंग का ज्वलनशील पदार्थ बरामद किया। कुल 32 भरे हुए ड्रम एवं एक आधा भरा ड्रम मिला, जिनमें कुल 6510 लीटर पेट्रोलियम पदार्थ पाया गया।

इसके अतिरिक्त मौके से स्कॉर्पियो वाहन संख्या RJ24B46310, 60 लीटर पेट्रोलियम पदार्थ, 3 मीटर लंबी पाइप तथा 5 लीटर की माप भी जब्त की गई।

एफएसएल जांच के लिए भेजे गए नमूने

कार्रवाई के दौरान पेट्रोलियम पदार्थों के कुल 15 नमूने लेकर जांच हेतु एफएसएल जयपुर भेजे गए हैं। जिला रसद विभाग ने बताया कि दोनों मामलों में आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3/7 के तहत दो एफआईआर दर्ज करवाई गई हैं।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में पेट्रोल, डीजल एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं की कालाबाजारी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Tara Chand Khoydawal

संस्थापक:- मजदूर विकास फाउंडेशन,संपादक:- प्रगति न्यूज़,लेखक, न्यूज़ के लिए सम्पर्क करें 8503000882

Post a Comment

धन्यवाद। आप जैसे जागरूक पाठकों का सहयोग हमें और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देता है, 🙏 आपके समर्थन और विश्वास के लिए पुनः धन्यवाद। प्रगति न्यूज़ हमेशा सच्ची और निष्पक्ष खबरें आप तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

Previous Post Next Post