उलाहेड़ी (खैरथल-तिजारा)। केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री भूपेंद्र यादव ने ग्राम उलाहेड़ी पहुंचकर पूर्व भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी स्वर्गीय गणपत राम यादव को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने दिवंगत अधिकारी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएँ व्यक्त कीं।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि स्वर्गीय गणपत राम यादव का निधन समाज, प्रशासनिक क्षेत्र और पूरे अंचल के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अपने प्रशासनिक जीवन में ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा की मिसाल कायम की, जिसके कारण वे सदैव लोगों की स्मृतियों में जीवित रहेंगे।
श्री यादव ने शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य एवं संबल बनाए रखने का आग्रह करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति दें।
इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, समाज के गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे और सभी ने स्वर्गीय गणपत राम यादव को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके योगदान को स्मरण किया।
Tags
मुण्डावर
