Top News

नरवास की सड़क बनी मुसीबत, छह माह से जलभराव और अतिक्रमण से ग्रामीण बेहाल

मजदूर विकास फाउंडेशन ने शिकायत दर्ज कर प्रशासन से की त्वरित कार्रवाई की मांग

कोटकासिम (खैरथल-तिजारा)। ग्राम नरवास में लंबे समय से सड़क पर जलभराव और दोनों ओर हुए अतिक्रमण के कारण ग्रामीणों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। समस्या इतनी गंभीर हो चुकी है कि लोगों का पैदल और वाहनों से आवागमन भी मुश्किल हो गया है। बरसात के दिनों में हालात और अधिक खराब हो जाते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका लगातार बनी रहती है।

मजदूर विकास फाउंडेशन के जनसहायता एवं समस्या निस्तारण पोर्टल पर इस संबंध में ग्रामीण संजय कुमार द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत के अनुसार पिछले लगभग छह माह से सड़क पर पानी जमा रहता है तथा सड़क के दोनों ओर किए गए अतिक्रमण के कारण जल निकासी बाधित हो गई है। इससे ग्रामीणों, विद्यार्थियों, महिलाओं और बुजुर्गों को प्रतिदिन भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

शिकायतकर्ता ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क के दोनों ओर किए गए अतिक्रमण को तत्काल हटाकर जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराई जाए, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके और भविष्य में इस समस्या की पुनरावृत्ति न हो।

मजदूर विकास फाउंडेशन के प्रतिनिधि संजय यादव ने बताया कि फाउंडेशन आमजन की समस्याओं को संबंधित विभागों तक पहुंचाकर उनके त्वरित समाधान के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि नरवास गांव की यह समस्या जनहित से जुड़ी हुई है और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से शीघ्र कार्रवाई का आग्रह किया जाएगा।

ग्रामीणों ने भी प्रशासन से मांग की है कि मौके का निरीक्षण कर जल्द से जल्द प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि वर्षों से चली आ रही इस समस्या का स्थायी समाधान हो सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post