खैरथल-तिजारा जिले के कोटकासिम क्षेत्र के ग्राम नरवास में पिछले 6 महीनों से पेयजल संकट गहराता जा रहा है, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई है। गांव में पानी की सप्लाई पूरी तरह बाधित होने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें पीने के पानी के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में जाना पड़ रहा है, वहीं पशुओं के लिए भी पानी की गंभीर कमी बनी हुई है। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
इस संबंध में मजदूर विकास फाउंडेशन के प्रतिनिधि धनीराम ने जानकारी देते हुए बताया कि पिछले 6 महीनों से लगातार प्रशासन को अवगत कराया जा रहा है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही पानी की व्यवस्था नहीं की गई, तो ग्रामीणों के साथ मिलकर आंदोलन किया जाएगा।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द पेयजल आपूर्ति बहाल कर समस्या का स्थायी समाधान किया जाए
