किशनगढ़बास बायपास पर लावारिस वैगनआर कार में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव

खैरथल-तिजारा | किशनगढ़बास, खैरथल-तिजारा जिले के किशनगढ़बास कस्बे से सनसनीखेज मामला सामने आया है। किशनगढ़बास बायपास पर सब्जी मंडी के सामने खड़ी एक लावारिस वैगनआर कार में अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार हरियाणा नंबर की यह वैगनआर कार करीब 48 घंटे से अधिक समय से बायपास पर खड़ी थी। शनिवार को कार से तेज बदबू आने पर स्थानीय लोगों ने अंदर झांककर देखा, जहां पीछे की सीट पर एक व्यक्ति का शव पड़ा मिला। शव की हालत अत्यंत खराब थी, शरीर फूल चुका था और चेहरा काला पड़ गया था, जिससे आशंका जताई जा रही है कि मौत को कई दिन बीत चुके हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। एडिशनल एसपी जयासिंह और डीएसपी लालसिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा थाना अधिकारी बनवारी लाल से पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव को किशनगढ़बास सीएचसी की मोर्चरी में रखवाया है।

घटना के बाद बायपास पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया कि 24 घंटे पुलिस गश्त के बावजूद लावारिस वाहन पर किसी का ध्यान क्यों नहीं गया।

फिलहाल पुलिस वाहन मालिक और मृतक की पहचान में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। हालांकि थाना अधिकारी ने फिलहाल मामले पर अधिक जानकारी देने से इनकार किया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post