खुशखेड़ा/भिवाड़ी। खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक फैक्ट्री में हुई भीषण आग की घटना के बाद जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर संचालित किया। सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस बल और अग्निशमन दल मौके पर पहुंच गए और आग पर काबू पाने के साथ ही फैक्ट्री में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
जिला कलेक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल और अस्पतालों का निरीक्षण कर घायलों के बेहतर उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS), नई दिल्ली रेफर किया गया है।
प्रशासन द्वारा फैक्ट्री परिसर में गहन तलाशी और बचाव अभियान पूरा कर लिया गया है। अधिकारियों ने पुष्टि की है कि अब परिसर में किसी भी व्यक्ति के फंसे होने की संभावना नहीं है। इस दुखद हादसे में सात लोगों की मौत की आधिकारिक पुष्टि हुई है, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
राज्य के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार राज्य सरकार और जिला प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। वहीं वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा जयपुर से घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं और प्रशासन से लगातार जानकारी ले रहे हैं।
7 दिन में सभी औद्योगिक इकाइयों की होगी जांच
घटना के बाद जिला प्रशासन ने औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा मानकों की सख्ती से पालना सुनिश्चित करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। प्रशासन ने निर्देश दिए हैं कि अगले सात दिनों में सभी औद्योगिक इकाइयों की व्यापक जांच की जाएगी।
इस जांच के दौरान निम्न बिंदुओं की समीक्षा होगी—
- अग्नि सुरक्षा व्यवस्थ
- वैधानिक अनुमतियां
- श्रमिक सुरक्षा मानक
- फैक्ट्री संचालन की वैधता
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाली इकाइयों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने अफवाहों से बचने की अपील की
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक खबरों पर ध्यान न दें और प्रशासन का सहयोग करें। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों को हर संभव सहायता देने का भरोसा दिलाया है।
