खैरथल-तिजारा। राज्य सरकार के निर्देशानुसार आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर-2026 के तहत सोमवार को ग्राम पंचायत चामरोदा में उपखंड अधिकारी किशनगढ़बास सत्यवीर यादव की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में सहखातेदारी भूमि विभाजन का प्रकरण मौके पर ही निस्तारित कर खातेदारों को राहत प्रदान की गई।
शिविर के दौरान ग्राम बोलनी निवासी लालचंद पुत्र श्योदयाल एवं धरमवीर पुत्र रामप्रसाद ने अपनी सहखातेदारी भूमि का आपसी सहमति से विभाजन कराने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। इस पर शिविर प्रभारी के निर्देशानुसार नायब तहसीलदार हिमांशु मीना, भू-अभिलेख निरीक्षक बबीता बंसल तथा पटवारी मुकेश कुमार ने खसरा नंबर 742, रकबा 0.61 हेक्टेयर भूमि का मौके पर निरीक्षण कर सहमति के आधार पर विभाजन प्रस्ताव तैयार किया।
निरीक्षण उपरांत नायब तहसीलदार ने मौके पर ही विभाजन आदेश जारी कर प्रकरण का त्वरित निस्तारण किया। वर्षों से लंबित भूमि विभाजन की प्रक्रिया पूरी होने पर दोनों खातेदारों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन का आभार जताया। ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से आमजन को राजस्व संबंधी सेवाएं त्वरित एवं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराई जा रही हैं।
Tags
खैरथल-तिजारा
