बैठक में आगामी 20 नवम्बर 2026 (शुक्रवार) देवउठनी एकादशी के अवसर पर आयोजित होने वाले 7वें विशाल सामूहिक विवाह सम्मेलन की तैयारियों को लेकर कार्यकारिणी का गठन किया गया। सर्वसम्मति से बबलू बबेरवाल को अध्यक्ष, दाताराम सैनी एवं आनंद दुवारिया को उपाध्यक्ष, संजय दहिया को सचिव, लक्ष्मण बागड़ी एवं मोहित सैनी को कोषाध्यक्ष तथा नरेश सैनी एवं रविन्द्र सैनी को प्रचार मंत्री नियुक्त किया गया।
सम्मेलन को सफल बनाने के लिए विभिन्न चरणों में परिचय सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इसके तहत पहला परिचय सम्मेलन 2 अगस्त, दूसरा 16 अगस्त, तीसरा 6 सितंबर, चौथा 20 सितंबर, पांचवां 4 अक्टूबर तथा छठा परिचय सम्मेलन 21 अक्टूबर 2026 को आयोजित किया जाएगा।
बैठक में बताया गया कि आज चार जोड़ों का पंजीयन किया गया है। साथ ही निर्णय लिया गया कि सामूहिक विवाह सम्मेलन के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए गांव-गांव एवं ढाणी-ढाणी जाकर लोगों को जागरूक किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक जोड़ों का पंजीयन कराया जा सके और सम्मेलन को सफल बनाया जा सके।
बैठक में संगठन के पदाधिकारी, समाज के गणमान्य नागरिक एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
