मुण्डावर। पंचायत समिति मुण्डावर परिसर में आज केंद्रीय मंत्री एवं अलवर सांसद के आगमन पर आयोजित सभा के दौरान जनप्रतिनिधियों के बीच विरोधाभास और नाराजगी देखने को मिली। कई पंचायत जनप्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि उन्हें जानबूझकर केंद्रीय मंत्री से मिलने नहीं दिया गया, जबकि वे अपने-अपने क्षेत्रों की जनसमस्याओं और विकास कार्यों से संबंधित महत्वपूर्ण मुद्दों को मंत्री के समक्ष रखना चाहते थे।
जनप्रतिनिधियों का कहना है कि क्षेत्र में सड़क, पेयजल, बिजली, शिक्षा एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी अनेक समस्याएं हैं, जिनकी जानकारी सीधे केंद्रीय मंत्री को देना आवश्यक था। उनका आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान कुछ लोगों को प्राथमिकता दी गई, जबकि निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को मंत्री से मिलने का अवसर नहीं मिला।
इस घटनाक्रम के बाद पंचायत समिति परिसर में जनप्रतिनिधियों के बीच असंतोष का माहौल देखने को मिला। उन्होंने प्रशासन एवं कार्यक्रम आयोजकों से भविष्य में जनप्रतिनिधियों को उचित सम्मान और अपनी बात रखने का अवसर सुनिश्चित करने की मांग की है।
हालांकि, इस संबंध में प्रशासन या कार्यक्रम आयोजकों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
