ग्राम रथ अभियान का भव्य शुभारम्भ अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने कलेक्ट्रेट से झण्डी दिखाकर रथों को किया रवाना

एलईडी वैन से ग्राम आयोजन एवं 13 विभागों की योजनाओं की मिलेगी जानकारी

खैरथल-तिजारा, 28 अप्रैल। राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं किसानों को ग्लोबल राजस्थान ऐग्रीटेक मीट (ग्राम) व कृषि की आधुनिक तकनीकी के बारे में जानकारी देने के लिए चलाये जा रहे ग्राम रथों को अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर से संबंधित विधानसभा क्षेत्रों के लिए झंडी दिखाकर रवाना किया।

जिला कलक्टर अतुल प्रकाश, पूर्व विधायक किशनगढ़ बास रामहेत यादव, जिला प्रमुख बलबीर छिल्लर एवं जनप्रतिनिधियों ने जिले के 3 विधानसभा क्षेत्रों के लिए बनाए गए विशेष रथों का निरीक्षण किया तथा प्रचार साहित्य को प्रत्येक ग्राम पंचायत तक वितरण करने के निर्देश दिए। ग्राम रथ 15 दिवस तक प्रत्येक ग्राम पंचायत मुख्यालय पर पहुंच कर एलईडी के माध्यम से योजनाओं की जानकारी देगें तथा क्षेत्र की समस्याओं को शिकायत पेटिका में प्राप्त करेगें। 

मुख्यमंत्री का संदेश पहुंचेगा गांव-ढाणी तक

जिला कलक्टर ने बताया कि ग्राम रथों के माध्यम से ग्राम पंचायत मुख्यालयों तक माननीय मुख्यमंत्री के संदेशों का प्रसारण भी किया जाएगा। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा एलईडी स्क्रीन के माध्यम से योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा, जिससे अधिकाधिक ग्रामीणजन लाभान्वित हो सकेगें। उन्होंने बताया कि ग्राम आयोजन की जागरूकता के लिये राज्य सरकार के निर्देशानुसार किसानों, पशुपालकों एवं ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी दी जायेगी। यह अभियान जिले के तिजारा, किशनगढ़ बास एवं मुंडावर विधानसभा क्षेत्रों की ग्राम पंचायतों में व्यापक स्तर पर संचालित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत ग्राम रथों के माध्यम से ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं, लाभकारी कार्यक्रमों एवं सरकारी सेवाओं की जानकारी ग्रामीणों को सरल एवं प्रभावी तरीके से दी जाएगी। उन्होंने बताया कि योजनाओं से संबंधित प्रचार सामग्री, पुस्तिकाएं एवं पैम्पलेट भी उपलब्ध कराऐं जाएंगें। कलाजत्था के कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर ग्रामीणों को जागरूक किया जायेगा।

ग्रामीण सुझाव पेटिका में दे सकेगें फीडबैक

जिला कलक्टर ने बताया कि अभियान के सफल संचालन, समन्वय एवं मॉनिटरिंग के लिए जिला स्तर पर अधिकारियों की जिम्मेदारियां तय की गई हैं। प्रत्येक पंचायत स्तर पर संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनेंगे। ग्रामीण रथों में सुझाव पेटिका में ग्राम आयोजन से संबंधित सुझाव एवं क्षेत्र की समस्याओं को लिखकर रख सकेगें। सुझाव पेटिका के पत्रों को एकत्रित कर राज्य सरकार को पहुंचाया जायेगा। इस अभियान में कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, सहकारिता, उद्योग, ऊर्जा, राजस्व, पर्यावरण एवं ग्रामीण विकास सहित कुल 13 विभागों की सक्रिय सहभागिता रहेगी।

इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी रामदयाल, मंडल अध्यक्ष मनीष शर्मा, रामबाबू, अशोक डाटा, अनिल मांधु, तरुण दुलानी सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

लोक कलाकार देगें प्रस्तुति-

अभियान के नोडल अधिकारी ने बताया कि ग्राम रथ अभियान के तहत 15 दिवस तक ग्रामीण क्षेत्रों में सरकार की योजनाओं की जानकारी प्रदान करने के लिए 13 विभागों से संबंधित योजनाओं की जानकारी का साहित्य, विधानसभावार राज्य सरकार की उपलब्धियों, विकास कार्यों की जानकारी की सामग्री का वितरण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि रथों के साथ लगे एलईडी पर राज्य सरकार से प्राप्त लघु फिल्मों का प्रदर्शन किया जाकर लोगों को योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। सभी रथों के साथ स्थानीय लोक कलाकार सरकार की योजनाओं का नुक्कड नाटक एवं लोकगायन के माध्यम से जानकारी देगें।

Tara Chand Khoydawal

संस्थापक:- मजदूर विकास फाउंडेशन,संपादक:- प्रगति न्यूज़,लेखक, न्यूज़ के लिए सम्पर्क करें 8503000882

एक टिप्पणी भेजें

धन्यवाद। आप जैसे जागरूक पाठकों का सहयोग हमें और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देता है, 🙏 आपके समर्थन और विश्वास के लिए पुनः धन्यवाद। प्रगति न्यूज़ हमेशा सच्ची और निष्पक्ष खबरें आप तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

और नया पुराने