ग्राम पंचायत शाहबाद में रात्रि चौपाल, कलेक्टर ने 12 परिवादों का मौके पर कराया निस्तारण

खैरथल-तिजारा, 9 अप्रैल। पंचायत समिति तिजारा की ग्राम पंचायत शाहबाद में जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश की अध्यक्षता में रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता से सुनते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।

रात्रि चौपाल के दौरान बिजली, पानी, रास्ता, पट्टा, खाद्य सुरक्षा योजना में नाम जोड़ने सहित विभिन्न विषयों से जुड़े कुल 53 परिवाद प्राप्त हुए। जिला कलेक्टर ने मौके पर ही अधिकारियों को निर्देश देकर 12 प्रकरणों का निस्तारण कराया, जबकि शेष प्रकरणों के समाधान के लिए संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकरण को अनावश्यक लंबित न रखा जाए और शीघ्र ही समाधान सुनिश्चित किया जाए।

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यदि कोई मामला उनके स्तर से बाहर हो तो उच्चाधिकारियों से समन्वय स्थापित कर शीघ्र समाधान किया जाए। साथ ही परिवादियों से व्यक्तिगत संपर्क बनाकर निस्तारण प्रक्रिया को प्रभावी बनाने और औसत निपटान समय में सुधार लाने के निर्देश भी दिए।

चौपाल के दौरान एक परिवार के घर में बिजली की समस्या सामने आने पर कलेक्टर ने तुरंत बिजली विभाग के अधिकारियों को मौके पर भेजकर मीटर बदलवाया और उसी रात बिजली की व्यवस्था सुनिश्चित कराई, जिससे परिवार को राहत मिली। उन्होंने अतिक्रमण, भूमि विवाद एवं आवासीय क्षेत्रों से जुड़े मामलों में आवश्यकतानुसार पुलिस सहयोग लेकर शीघ्र समाधान करने के निर्देश भी दिए।


इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं—जैसे वृद्धजन पेंशन योजना, आपकी बेटी योजना, गार्गी योजना, अटल पेंशन योजना, जीवन ज्योति बीमा, विधवा पेंशन योजना, मुख्यमंत्री पालनहार योजना, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, लाडो योजना, जल जीवन मिशन, पीएम सूर्यघर योजना एवं पीएम विश्वकर्मा योजना—की जानकारी देते हुए आमजन को आवेदन प्रक्रिया से अवगत कराया। साथ ही कृषि विभाग की योजनाओं जैसे तारबंदी योजना, फार्म पॉन्ड, प्याज भंडारण एवं अन्य योजनाओं पर भी विस्तार से जानकारी दी गई।

रात्रि चौपाल में अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट, उपखंड अधिकारी संजीव कुमार वर्मा, तिजारा प्रधान जेपी यादव, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी रामदयाल, तहसीलदार कृष्ण यादव, जनप्रतिनिधिगण, ग्रामीणजन तथा विभिन्न विभागों के जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Tara Chand Khoydawal

संस्थापक:- मजदूर विकास फाउंडेशन,संपादक:- प्रगति न्यूज़,लेखक, न्यूज़ के लिए सम्पर्क करें 8503000882

Post a Comment

धन्यवाद। आप जैसे जागरूक पाठकों का सहयोग हमें और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देता है, 🙏 आपके समर्थन और विश्वास के लिए पुनः धन्यवाद। प्रगति न्यूज़ हमेशा सच्ची और निष्पक्ष खबरें आप तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

Previous Post Next Post