खैरथल-तिजारा में 77वां गणतंत्र दिवस समारोह भव्य रूप से सम्पन्न
खैरथल-तिजारा जिले में 77वां गणतंत्र दिवस समारोह पूरे हर्षोल्लास, अनुशासन और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। जिला कलेक्टर महोदया डॉ. आर्तिका शुक्ला ने ध्वजारोहण कर राष्ट्र को नमन किया और परेड की सलामी ली। समारोह में देशभक्ति की भावना और राष्ट्रीय एकता का अद्भुत दृश्य देखने को मिला।
ध्वजारोहण के पश्चात अपने ओजस्वी संबोधन में कलेक्टर महोदया आर्तिका शुक्ला ने संविधान की महत्ता, लोकतांत्रिक मूल्यों और प्रशासनिक जवाबदेही पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संविधान ही देश की आत्मा है और इसकी रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि कलेक्टर महोदया ने बच्चों से संवाद कर उन्हें संविधान, मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका के बारे में सरल और प्रेरणादायक शब्दों में जानकारी दी। बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे, जिनका उन्होंने सहजता से उत्तर दिया, जिससे बच्चों में देशभक्ति और जिम्मेदारी की भावना और प्रबल हुई।
डॉ. आर्तिका शुक्ला के नेतृत्व में आयोजित यह समारोह प्रशासनिक गरिमा, अनुशासन और जनभागीदारी का उत्कृष्ट उदाहरण बना। उन्होंने जिले के विकास, कानून व्यवस्था, सामाजिक समरसता और शांति बनाए रखने को प्राथमिकता बताते हुए नागरिकों से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
समारोह में अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट, पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जय सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष महा सिंह चौधरी, पूर्व विधायक रामहेत सिंह यादव, पूर्व जिला अध्यक्ष अशोक डाटा एवं किशनगढ़बास विधायक दीपचंद खेरिया सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। यह आयोजन जिले में एकता, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति की मजबूत छाप छोड़ते हुए सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।
