मुण्डावर क्षेत्र के बासनी गांव निवासी 60 वर्षीय बिरजू जोगी की हत्या का मामला सामने आया है। मृतक का शव सामान्य चिकित्सालय मुण्डावर की मोर्चरी में रखवाया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं परिजन अस्पताल पहुंच रहे हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हत्या के कारणों का अभी तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और विभिन्न पहलुओं से पड़ताल कर रही है। आज शव का पोस्टमार्टम होने की संभावना है, जिसके बाद हत्या के कारणों और परिस्थितियों को लेकर अधिक जानकारी सामने आ सकती है।
घटना की सूचना मिलते ही बासनी सहित आसपास के गांवों के लोग मुण्डावर अस्पताल पहुंचने लगे। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
