मुण्डावर/नीमराना। मुण्डावर विधानसभा क्षेत्र के नीमराना क्षेत्र में कथित अवैध प्लॉटिंग को लेकर शिकायत जिला प्रशासन तक पहुंची है। भाजपा मण्डल उपाध्यक्ष भीमराज यादव ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच एवं कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि कुछ प्रभावशाली लोगों द्वारा आराजी भूमि पर अवैध रूप से प्लॉटिंग की जा रही है, जिससे राज्य सरकार को राजस्व हानि होने के साथ-साथ क्षेत्र में विवाद एवं तनाव की स्थिति उत्पन्न हो रही है। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जा रही है।
ज्ञापन के अनुसार ग्राम ईसरसिंहपुरा, तहसील नीमराना के खसरा नंबर 209, 210, 220, 221 एवं 222 में अवैध प्लॉटिंग किए जाने की शिकायत की गई है। शिकायतकर्ता ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध प्लॉटिंग को तत्काल रुकवाने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, प्रभारी मंत्री एवं उच्च न्यायालय जयपुर को भी भेजी गई है।
अब निगाहें जिला प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं कि शिकायत की जांच कर क्या कदम उठाए जाते हैं।
प्रगति न्यूज़
