खैरथल। नगर निकाय चुनाव परिणाम के अगले ही दिन खैरथल की राजनीति में बड़ा उलटफेर हो गया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पार्षद विक्रम सिंह चौधरी (विक्की चौधरी) के नेतृत्व में 11 पार्षदों ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया।
आज शाम केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव एवं पूर्व विधायक रामहेत यादव के नेतृत्व में विक्की चौधरी समेत 11 पार्षद भाजपा में शामिल हुए। बताया जा रहा है कि कांग्रेस पार्टी में लिए गए गलत निर्णयों और संगठनात्मक परिस्थितियों से नाराज होकर यह कदम उठाया गया।
इस राजनीतिक घटनाक्रम के बाद खैरथल नगर परिषद में भाजपा का आंकड़ा 19 पार्षदों तक पहुंच गया है। भाजपा के पहले से 8 पार्षद थे, जबकि विक्की चौधरी के साथ आए 11 पार्षदों के शामिल होने से संख्या 19 हो गई है।
खैरथल नगर परिषद में बोर्ड बनाने के लिए 23 पार्षदों का बहुमत जरूरी है। ऐसे में भाजपा अब बहुमत से महज 4 पार्षद दूर है। इस घटनाक्रम के बाद खैरथल में बोर्ड गठन को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं।
विक्रम सिंह चौधरी का खैरथल जिला बचाओ संघर्ष समिति के आंदोलन में भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। खैरथल को जिला बनाए रखने की मांग को लेकर चले संघर्ष में उनकी सक्रिय भूमिका रही है।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या भाजपा बहुमत का आंकड़ा 23 पार कर खैरथल नगर परिषद में अपना बोर्ड बनाएगी? आने वाले दिनों में होने वाले राजनीतिक घटनाक्रम पर सभी की नजरें रहेंगी।