मुण्डावर। आधुनिक तकनीक और AI के बढ़ते उपयोग के बीच दवाइयों की फर्जी पर्चियां बनाकर नशीली दवाइयों की बिक्री के मामलों को गंभीरता से लेते हुए मुण्डावर केमिस्ट एसोसिएशन ने 20 मई को समस्त मेडिकल दुकानों को बंद रखने का निर्णय लिया है।
एसोसिएशन का कहना है कि नई तकनीकों का दुरुपयोग कर नकली पर्चियों के माध्यम से नशीली दवाइयों की अवैध बिक्री बढ़ रही है, जिसका सबसे अधिक दुष्प्रभाव युवा पीढ़ी पर पड़ रहा है। इस समस्या को रोकने के लिए पूरे भारत में अभियान चलाया जा रहा है और उसी के समर्थन में मुण्डावर केमिस्ट एसोसिएशन ने यह कदम उठाया है।
एसोसिएशन अध्यक्ष मनीष तनवानी ने बताया कि इस संबंध में AIOCD एवं राजस्थान केमिस्ट अलायंस को समर्थन पत्र भेजा गया है। उन्होंने कहा कि नकली ऑनलाइन दवाइयों की बिक्री तथा नकली व नशीली दवाइयों के निर्माण और वितरण पर रोक लगाने के लिए सख्त कार्रवाई आवश्यक है, ताकि देश और युवाओं का भविष्य सुरक्षित रह सके।
केमिस्ट एसोसिएशन ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यह अभियान समाज और देशहित में उठाया गया कदम है।
