खैरथल-तिजारा। किशनगढ़ बास, ग्राम पंचायत माछरौली के गांव गूगलहेड़ी में भीषण गर्मी के बीच पेयजल संकट लगातार गहराता जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले करीब 6 महीनों से वे स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को समस्या से अवगत करा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं किया गया है।
बताया जा रहा है कि उच्च स्तर से पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश जारी होने के बावजूद भी सरपंच और जलदाय विभाग द्वारा कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। हालात इतने गंभीर हो चुके हैं कि ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं को दूर-दराज से पानी लाने को मजबूर होना पड़ रहा है।
इसी समस्या को लेकर आज गांव की महिलाओं ने सांकेतिक धरना देकर प्रशासन के खिलाफ आक्रोश जताया। महिलाओं ने चेतावनी दी है कि यदि आगामी 2 दिनों के भीतर पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं की गई, तो वे कलेक्ट्रेट का घेराव करेंगी और उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगी।
ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर पानी की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है, ताकि भीषण गर्मी में लोगों को राहत मिल सके।
Tags
खैरथल-तिजारा
