मुंडावर/खैरथल। राजनीति और समाज सेवा में सक्रिय रहने वाले नेता जहां अक्सर भव्य आयोजनों के लिए जाने जाते हैं, वहीं मुंडावर उपखंड के ग्राम करनेकोर्ट निवासी भाजपा जाट बहरोड़ मंडल उपाध्यक्ष भीमराज यादव ने एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने अपनी सुपुत्री कशिश यादव का जन्मदिन सादगी और सेवा भाव के साथ मनाकर समाज को एक सकारात्मक संदेश दिया।
गौशाला में सेवा कर लिया आशीर्वाद
जन्मदिन के अवसर पर भीमराज यादव अपने परिवार सहित मुंडनवाड़ा खुर्द स्थित बाबा खेतानाथ गौशाला पहुंचे। यहां उन्होंने गौ माता को गुड़ खिलाकर बेटी के उज्जवल भविष्य और सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि गौ सेवा भारतीय संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा है और बच्चों को ऐसे संस्कार देना समय की आवश्यकता है।
परिवार ने दी शुभकामनाएं
इस अवसर पर परिवार के दादा-दादी, चाचा-चाची और अन्य परिजनों ने भी कशिश को आशीर्वाद दिया। सभी ने मिलकर उसके स्वस्थ, सफल और खुशहाल जीवन की कामना की। साथ ही भविष्य में उसके उज्जवल करियर और सुखद दांपत्य जीवन के लिए प्रार्थना की गई।
समाज को दिया सादगी का संदेश
भीमराज यादव के इस सराहनीय कदम की स्थानीय स्तर पर खूब प्रशंसा हो रही है। आज के दौर में जहां जन्मदिन पर दिखावा और फिजूलखर्ची आम बात हो गई है, वहीं इस तरह का सादगीपूर्ण और सेवा आधारित आयोजन समाज को नई दिशा देने वाला है।
