संतों के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विक्रम सिंह चौधरी ने संभाला सभापति का पदभार

45 वार्डों का समान विकास, स्वच्छ खैरथल, जाम और अतिक्रमण से मुक्ति रहेगी प्राथमिकता, ग्रेटर खैरथल के सपने को साकार करने का लिया संकल्प

खैरथल। नगर परिषद खैरथल के नवनियुक्त सभापति विक्रम सिंह चौधरी उर्फ विक्की चौधरी ने रविवार को नगर परिषद कार्यालय में संतों के सानिध्य, वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद सभापति का पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर धार्मिक वातावरण के बीच संतों ने पूजा-अर्चना करवाई और उन्हें आशीर्वाद प्रदान किया। सभापति ने संतों के चरण स्पर्श कर शहर की सेवा और विकास के संकल्प के साथ कार्यभार संभाला।

पदभार ग्रहण समारोह में राजस्थान सरकार के मंत्री संजय शर्मा, पूर्व विधायक रामहेत सिंह यादव, सरस डेयरी चेयरमैन नितिन सागवान, भाजपा जिलाध्यक्ष महा सिंह चौधरी, मंडल अध्यक्ष मनीष शर्मा, नगर परिषद के पार्षदगण, भाजपा पदाधिकारी, शहर के गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे।

समारोह में बालकाचार्य बालक दास एवं लक्ष्मीनारायण मंदिर के महंत पंडित शशि भूषण गल्याण मिश्र का विशेष सानिध्य रहा। संतों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से पूजा-अर्चना करवाई तथा विक्रम सिंह चौधरी को आशीर्वाद प्रदान किया। इस दौरान उनके पिताजी रोहतास चौधरी और इंद्र यादव का भी उन्हें आशीर्वाद मिला। उनके बड़े भाई कृष्ण चौधरी सहित परिवार के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।

राजस्थान सरकार के मंत्री संजय शर्मा ने विक्रम सिंह चौधरी को शुभकामनाएं देते हुए माला पहनाकर आशीर्वाद दिया। वहीं पूर्व विधायक रामहेत सिंह यादव ने कहा कि खैरथल के विकास और शहरवासियों के सपनों को पूरा करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी अब सभापति विक्रम सिंह चौधरी के हाथों में है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, मंत्री संजय शर्मा और भाजपा परिवार का सहयोग शहर के विकास के लिए निरंतर मिलता रहेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा की विचारधारा ‘सबका साथ, सबका विकास’ के अनुरूप सभी को साथ लेकर चलना है और सामूहिक प्रयासों से ग्रेटर खैरथल के सपने को साकार करना है।

विकास में नहीं होगा भेदभाव, सभी 45 वार्डों को मिलेगी प्राथमिकता

पदभार ग्रहण करने के बाद सभापति विक्रम सिंह चौधरी उर्फ विक्की चौधरी ने कहा कि खैरथल के विकास में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जाएगा। शहर के सभी 45 वार्डों को साथ लेकर विकास कार्य करवाए जाएंगे। स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित खैरथल बनाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। नगर परिषद का उद्देश्य केवल विकास कार्य करवाना ही नहीं, बल्कि शहरवासियों को बेहतर वातावरण, सुगम यातायात और व्यवस्थित शहरी सुविधाएं उपलब्ध कराना भी होगा।

उन्होंने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। सड़कों, सार्वजनिक स्थानों और वार्डों में स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। विकास कार्यों में सभी पार्षदों की सहभागिता रहेगी, ताकि प्रत्येक वार्ड की समस्याओं को सुनकर उनका समाधान किया जा सके। उनका प्रयास रहेगा कि आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े।

अतिक्रमण पर सख्ती, जाम से मुक्ति दिलाने का प्रयास

शहर में अतिक्रमण के मुद्दे पर सभापति ने स्पष्ट कहा कि अतिक्रमण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि सड़कों, बाजारों और सार्वजनिक रास्तों पर अतिक्रमण नहीं करें, जिससे आमजन को आवागमन में परेशानी न हो। नियमों के विरुद्ध अतिक्रमण पाए जाने पर नगर परिषद नियमानुसार कार्रवाई करेगी। शहर को व्यवस्थित बनाने के लिए नागरिकों का सहयोग भी जरूरी है।

उन्होंने कहा कि खैरथल को जाम की समस्या से मुक्त कराने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए भी विशेष प्रयास किए जाएंगे। बाजारों और प्रमुख मार्गों पर आवागमन की व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय किया जाएगा।

दीपावली पर सजावट, यातायात और निर्बाध बिजली पर रहेगा ध्यान

दीपावली पर्व को देखते हुए सभापति ने शहर में सजावट, यातायात व्यवस्था और निर्बाध बिजली आपूर्ति को लेकर प्राथमिकता से कार्य करने की बात कही। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान बाजारों में जाम की समस्या से निपटने, यातायात सुचारू रखने तथा किसी भी अप्रिय घटना या दुर्घटना की आशंका को कम करने के लिए संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समन्वय किया जाएगा। शहरवासियों को सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर ध्यान दिया जाएगा।

ग्रेटर खैरथल का सपना साकार करना प्राथमिकता

सभापति विक्रम सिंह चौधरी ने कहा कि “ग्रेटर खैरथल का सपना केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे शहर का सपना है। इसे साकार करने के लिए सभी पार्षदों, जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों और आम नागरिकों को साथ लेकर चलेंगे। हमारा संकल्प है कि खैरथल को स्वच्छता, विकास और बेहतर व्यवस्थाओं के मामले में एक नई पहचान दिलाई जाए। शहर के हित में पूरी निष्ठा से काम करेंगे और जनसेवा को सर्वोपरि रखेंगे।”

उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि खैरथल को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने में नगर परिषद का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के सामूहिक प्रयासों से ही शहर की तस्वीर बदली जा सकती है।

पदभार ग्रहण समारोह में नगर परिषद के पार्षदगण सहित अनेक जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता, गणमान्य नागरिक, समर्थक और शहर के प्रबुद्धजन मौजूद रहे। सभी ने नवनियुक्त सभापति को शुभकामनाएं देते हुए खैरथल के विकास की उम्मीद जताई।

Post a Comment

Previous Post Next Post