जयपुर, 21 अक्टूबर। राजस्थान में विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान के तहत 1 से 20 अक्टूबर 2026 तक 2,40,534 पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़े गए हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन के अनुसार, अभियान के दौरान फॉर्म-6 के जरिए कुल 7,78,147 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें 18–19 वर्ष आयु वर्ग के 4,30,701 आवेदन शामिल हैं।
युवाओं के पंजीकरण पर विशेष फोकस
अभियान के तहत 18–19 वर्ष आयु वर्ग के 1,39,972 तथा 20 वर्ष एवं अधिक आयु वर्ग के 1,00,562 मतदाताओं के नाम सूची में जोड़े गए हैं। शेष आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई जारी है। कुल प्राप्त आवेदनों में से 3,52,778 आवेदनों पर सात दिन की आपत्ति अवधि पूरी होने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
अलवर सहित कई जिले अग्रणी
18–19 वर्ष आयु वर्ग में आवेदन उपलब्धि प्रतिशत के आधार पर बूंदी, भरतपुर, धौलपुर, करौली और अलवर सहित दस जिले अग्रणी रहे। वहीं, 20 वर्ष एवं अधिक आयु वर्ग में प्राप्त आवेदनों की संख्या के आधार पर जयपुर, अलवर, चूरू, करौली और जोधपुर सहित दस जिले आगे रहे।
आठ विधानसभा क्षेत्रों को चेतावनी
मतदाता पंजीकरण अभियान में लगातार कम प्रगति पाए जाने पर नोखा, रामगंज मंडी, बाड़मेर, शिव, घाटोल, दांतारामगढ़, सांगोद और चौहटन विधानसभा क्षेत्रों को सुधार के लिए चेतावनी दी गई है। संबंधित अधिकारियों को आवेदन निस्तारण में तेजी लाने और दैनिक प्रगति की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं।
ऑनलाइन भी कर सकते हैं आवेदन
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अभियान का उद्देश्य किसी भी पात्र नागरिक को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से वंचित नहीं रहने देना है। पात्र नागरिक निर्वाचन आयोग के पोर्टल voters.eci.gov.in अथवा ECINET के माध्यम से ऑनलाइन फॉर्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं।

Post a Comment