खैरथल-तिजारा बनेगा देश का प्रमुख औद्योगिक केंद्र: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

117 करोड़ रुपये के 95 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास, क्षेत्र के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं

खैरथल-तिजारा, 28 सितंबर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि खैरथल-तिजारा आने वाले समय में राजस्थान ही नहीं, बल्कि देश के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। दिल्ली-एनसीआर से निकटता, भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र और बेहतर कनेक्टिविटी के चलते यह क्षेत्र तेजी से विकसित हो रहा है।

खैरथल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने अलवर, खैरथल-तिजारा और कोटपूतली-बहरोड़ क्षेत्र के लिए 117 करोड़ रुपये के 95 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें सड़क, शिक्षा, पुस्तकालय, पार्क, गौशाला, किसान सेवा केंद्र और खेल मैदान सहित विभिन्न विकास कार्य शामिल हैं।

खैरथल-तिजारा के लिए ये बड़ी घोषणाएं

  • रामजल सेतु लिंक परियोजना के तहत नीमराणा बांध का कार्य शुरू होगा।
  • 45 मीटर मास्टर प्लान सड़क का विकास होगा।
  • तिजारा से फिरोजपुर हरियाणा सीमा तक सड़क का सुदृढ़ीकरण किया जाएगा।
  • पीएचईडी के नए अधिशासी अभियंता पद की घोषणा।
  • जेवीवीएनएल के नए अधिशासी अभियंता कार्यालय की घोषणा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने सहकारिता क्षेत्र में भ्रष्टाचार को समाप्त कर ग्राम पंचायत स्तर तक सहकारी समितियों को सक्रिय किया है। उनके अनुसार करीब 10 लाख नए सदस्य सहकारिता से जोड़े जा चुके हैं। पिछले ढाई वर्षों में दूध उत्पादन भी प्रतिदिन 34 लाख लीटर से बढ़कर 47 लाख लीटर हुआ है।

युवा और महिला शक्ति पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के लिए कौशल और रोजगार के अवसर बढ़ाए जा रहे हैं। सरकार द्वारा 1 लाख 90 हजार सरकारी नियुक्तियां दी जा चुकी हैं, जबकि 1 लाख 22 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है।

लखपति दीदी योजना के तहत लाभान्वित महिलाओं की संख्या करीब 11 लाख से बढ़कर 19 लाख होने तथा 57 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूहों को जोड़ने की जानकारी भी मुख्यमंत्री ने दी। उन्होंने कहा कि इन समूहों को 928 करोड़ रुपये का ऋण उपलब्ध कराया गया है।

पानी और बिजली को लेकर सरकार की उपलब्धियां

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राजस्थान में चार महत्वपूर्ण जल समझौते हुए हैं। इनमें रामजल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता, नर्मदा जल संबंधी समझौता और किशाऊ बहुउद्देशीय परियोजना शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत 15 लाख से अधिक ग्रामीण परिवारों को नल से जल उपलब्ध कराया गया है। वहीं 26 जिलों में किसानों को दिन के समय बिजली उपलब्ध कराने सहित विद्युत क्षेत्र में भी कार्य किए जा रहे हैं।

95 विकास कार्यों की सौगात

मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में सड़क नेटवर्क मजबूत करने के साथ पुस्तकालय, पार्क, गौशाला, किसान सेवा केंद्र और खेल मैदान सहित 72 विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इसके अलावा सड़क, शिक्षा और अन्य आवश्यक सुविधाओं से जुड़े 23 विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया।

कार्यक्रम में केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव, वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री संजय शर्मा, विधायक महंत बालकनाथ, सुखवंत सिंह, कुलदीप धनकड़, हंसराज पटेल, देवी सिंह शेखावत, अलवर महापौर सुमनलता अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post