जयपुर। निकाय चुनावों के दौरान आचार संहिता लागू होने के बीच जयपुर भाजपा मुख्यालय पर पार्टी के झंडे लगाने के लिए नगर निगम की सरकारी क्रेन पहुंचने का मामला सामने आया है। इसको लेकर विपक्ष ने सरकारी मशीनरी के कथित दुरुपयोग पर सवाल उठाए हैं।
आरोप है कि क्रेन ऑपरेटर ने अधिकारियों के निर्देश पर मौके पर पहुंचने की बात कही। कांग्रेस ने सवाल उठाया कि आखिर वह अधिकारी कौन है और किसके निर्देश पर सरकारी संसाधन का इस्तेमाल पार्टी के कार्य में किया गया?
कांग्रेस ने चुनाव आयोग से मामले का तत्काल संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पार्टी का कहना है कि चुनावी प्रक्रिया के दौरान सरकारी मशीनरी का किसी राजनीतिक दल के पक्ष में इस्तेमाल लोकतांत्रिक एवं निष्पक्ष चुनाव की भावना के विपरीत है।