राजस्थान शिक्षा विभाग ने ऑटोमैटिक प्रमोशन सिस्टम किया खत्म
जयपुर। राजस्थान में कक्षा 5वीं और 8वीं के विद्यार्थियों के लिए शिक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। अब इन कक्षाओं में पढ़ने वाले छात्र बिना परीक्षा पास किए अगली कक्षा में प्रमोट नहीं हो सकेंगे। शिक्षा विभाग ने 5वीं और 8वीं में लागू ऑटोमैटिक प्रमोशन सिस्टम को समाप्त कर दिया है।
शिक्षा विभाग के अनुसार अब विद्यार्थियों को न्यूनतम अंक प्राप्त करना अनिवार्य होगा। जो छात्र निर्धारित न्यूनतम अंक हासिल नहीं कर पाएंगे, उन्हें संबंधित कक्षा में फेल घोषित किया जा सकेगा।
हालांकि, ऐसे विद्यार्थियों को सुधार का एक और मौका दिया जाएगा। विभाग के नियमों के अनुसार 45 दिनों के भीतर दोबारा परीक्षा (री-एग्जाम) आयोजित की जाएगी। यदि छात्र इस परीक्षा में सफल हो जाता है, तो उसे अगली कक्षा में प्रवेश मिल सकेगा।
शिक्षा विभाग का मानना है कि बिना परीक्षा पास किए प्रमोशन मिलने से बच्चों में पढ़ाई के प्रति गंभीरता कम हो रही थी, जिससे शिक्षा का स्तर प्रभावित हो रहा था। इसी को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है, ताकि विद्यार्थियों में पढ़ाई के प्रति जिम्मेदारी बढ़े और बुनियादी शैक्षणिक स्तर मजबूत हो।
इस फैसले का असर प्रदेश के सरकारी स्कूलों, विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में पढ़ने वाले लाखों विद्यार्थियों पर पड़ेगा। वहीं, अभिभावकों और शिक्षकों के बीच इस निर्णय को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रिया सामने आ रही है।
