Top News

रायसर-जमवारामगढ़ प्रकरण: विक्रम मीणा की आत्महत्या के बाद बवाल, लाठीचार्ज व गिरफ्तारियों से बढ़ा आक्रोश

रायसर (जयपुर)। जमवारामगढ़ क्षेत्र के रायसर गांव में वनकर्मियों द्वारा मारपीट से आहत होकर विक्रम मीणा द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। इस मामले में पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग को लेकर ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने प्रदर्शन किया। लेकिन प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज कर दिया। इस दौरान 25 से अधिक लोगों को गिरफ्तार भी किया गया।

प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने इस घटना को “अत्यंत दुखद और निंदनीय” बताते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए आवाज़ उठाना अपराध नहीं है, लेकिन भाजपा सरकार में हक और अधिकार की मांग करने वालों को प्रताड़ित किया जाता है।

जूली ने कहा कि प्रदेश की जनता पुलिसिया कार्रवाई और प्रशासनिक ज्यादतियों से गहरे सदमे में है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि गिरफ्तार लोगों को तुरंत रिहा किया जाए, दोषी वनकर्मियों पर कठोरतम कार्यवाही हो और पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय दिलाया जाए।

ग्रामीणों में भी पुलिस कार्रवाई को लेकर आक्रोश है। लोगों का कहना है कि एक तरफ पीड़ित परिवार न्याय की गुहार लगा रहा है और दूसरी ओर प्रशासन न्याय की मांग करने वालों पर ही बर्बरता दिखा रहा है।

यह घटना प्रदेश में कानून-व्यवस्था और आमजन की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है।

Post a Comment

Previous Post Next Post