जितेंद्र सिंह और टीकाराम जूली ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता, चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति प्रक्रिया में बदलाव और उन्हें कानूनी संरक्षण देने संबंधी प्रावधानों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में चुनाव कराने वाली संस्था की स्वतंत्रता और निष्पक्षता पर जनता का भरोसा कायम रहना जरूरी है।
मतदाता सूची से नाम हटाने पर मांगा जवाब
कांग्रेस नेताओं ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान नाम हटाए जाने के मुद्दे पर भी केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने 13 करोड़ नाम हटाए जाने का दावा करते हुए कहा कि इनमें तीन करोड़ नाम मृत्यु या दोहरी प्रविष्टियों से संबंधित बताए जा रहे हैं। उन्होंने शेष नामों के संबंध में विस्तृत जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की। नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची का संशोधन पारदर्शी होना चाहिए और किसी पात्र नागरिक का नाम गलत तरीके से नहीं हटना चाहिए।
सभा में नेताओं ने आगामी 1 नवंबर को दिल्ली में राहुल गांधी के नेतृत्व में प्रस्तावित महारैली में अधिक से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ताओं से पहुंचने की अपील की। साथ ही पंचायत समिति और जिला परिषद चुनावों में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान की अपील की गई।
कार्यक्रम में विधायक ललित यादव, पूर्व विधायक संदीप यादव, तिजारा से कांग्रेस प्रत्याशी रहे इमरान खान, प्रधान बद्री प्रसाद सुमन, किसान नेता जसवंत यादव, मजदूर यूनियन के जिला अध्यक्ष धीरूभाई सहित कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Post a Comment