तत्कालीन थाना प्रभारी राजीव डूडी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी

मुण्डावर। मुण्डावर की एसीजेएम अदालत ने तत्कालीन थाना प्रभारी रहे इंस्पेक्टर राजीव डूडी के खिलाफ बड़ा कदम उठाते हुए गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। यह आदेश महिला अत्याचार से जुड़े एक प्रकरण में अदालत के बार-बार बुलाने के बावजूद उनकी अनुपस्थिति पर दिया गया।

मामला क्या है?

11 अप्रैल 2024 को सोज़ावास ग्राम पंचायत के सरपंच सरजीत चौधरी के निवास पर अज्ञात बदमाशों ने फायरिंग की थी। इस घटना के बाद पुलिस ने मुनीराज नामक व्यक्ति को आरोपी बनाया। आरोपी को पकड़ने के लिए राजीव डूडी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने उसके घर दबिश दी।

इसी दौरान आरोपी मुनीराज के परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार किया। इस मामले को अदालत में दायर किया गया, जिसके बाद धनी देवी बनाम राजीव डूडी प्रकरण में सुनवाई शुरू हुई।

अदालत की कार्रवाई

एसीजेएम न्यायालय ने इस केस में कई बार राजीव डूडी को तलब किया, लेकिन उनके उपस्थित न होने पर अदालत ने सख्ती दिखाई। गुरुवार को अदालत ने उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया। इसके साथ ही कोर्ट ने उनकी चल-अचल संपत्ति का ब्यौरा पेश करने के भी निर्देश दिए हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post