रैली के दौरान स्थानीय विधायक दीपचन्द खैरिया, ओमप्रकाश रोघा, सर्वेश गुप्ता, आजाद समाज पार्टी जिलाध्यक्ष कुलदीप जाटव,आजाद समाज पार्टी युवा मोर्चा अध्यक्ष सतवीर सिंह,नेता प्रतिपक्ष विक्की चौधरी, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष मुण्डावर अखिलेश कौशिक समेत कई जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी मंच पर मौजूद रहे। उन्होंने अपने संबोधन में साफ कहा कि जनता की इच्छा के खिलाफ जिले का नाम और मुख्यालय बदलने का प्रयास किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।नेताओं ने कहा कि खैरथल ऐतिहासिक व भौगोलिक दृष्टि से हमेशा से ही मुख्यालय के रूप में उपयुक्त स्थान रहा है और यहां की जनता वर्षों से इस जिले की मांग करती आ रही थी। अब जब यह जिला बना है तो मुख्यालय को अन्यत्र स्थानांतरित करना न्यायसंगत नहीं है।
रैली के अंत में फाटक पर सभा का आयोजन हुआ, जहाँ नेताओं ने संयुक्त रूप से धरना-प्रदर्शन करने की घोषणा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि सरकार ने जनभावनाओं की अनदेखी की तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा तथा आवश्यक होने पर अनिश्चितकालीन बंद भी किया जाएगा।
इस मौके पर हजारों की भीड़ मौजूद रही, जिसमें व्यापार मंडल, सामाजिक संगठन, किसान व युवा वर्ग की भागीदारी विशेष रूप से रही। लोगों ने हाथों में तिरंगा लहराते हुए सरकार से मांग की कि खैरथल-तिजारा जिले का मुख्यालय खैरथल में ही रखा जाए और जिले का नाम यथावत रखा जाए।
रैली के दौरान खैरथल का पूरा शहर देशभक्ति गीतों और नारेबाजी से गूंजता रहा। बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग तक रैली में शामिल हुए और प्रशासन को जनता की एकजुटता का संदेश दिया।