जिला परिषद चुनाव: तीसरे दिन 69 नामांकन दाखिल, अब तक 98 नामांकन प्रस्तुत

खैरथल-तिजारा में पंचायत चुनाव की सरगर्मी तेज, तिजारा और किशनगढ़बास पंचायत समितियों में 226 नामांकन जमा

खैरथल-तिजारा, 22 अक्टूबर। पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तहत जिले में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया जारी है। गुरुवार को जिला परिषद सदस्यों के लिए नामांकन के तीसरे दिन 69 नामांकन पत्र प्रस्तुत किए गए। इसके साथ ही अब तक 71 अभ्यर्थियों की ओर से कुल 98 नामांकन पत्र दाखिल किए जा चुके हैं।

जिला परिषद सदस्यों के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 23 अक्टूबर, शुक्रवार निर्धारित की गई है। अभ्यर्थी सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक संबंधित रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष नामांकन पत्र प्रस्तुत कर सकेंगे।

तिजारा और किशनगढ़बास में 226 नामांकन

वहीं, तृतीय चरण के तहत पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के लिए भी नामांकन प्रक्रिया जारी है। अब तक तिजारा पंचायत समिति में 102 तथा किशनगढ़बास पंचायत समिति में 124 नामांकन पत्र प्रस्तुत किए जा चुके हैं। इस प्रकार दोनों पंचायत समितियों में कुल 226 नामांकन पत्र दाखिल हुए हैं।

निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार नामांकन प्रक्रिया को लेकर प्रशासन आवश्यक तैयारियों में जुटा है। अंतिम दिन नामांकन दाखिल करने के लिए अभ्यर्थियों को निर्धारित समय सीमा का पालन करना होगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post