जानकारी के अनुसार, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, जगता बसई (किशनगढ़बास) में पदस्थापित अध्यापक एल-1 श्री प्रदीप कुमार मीणा को चतुर्थ चरण के मतदान के लिए मतदान दल संख्या 509 में APO-3 के पद पर तैनात किया गया था। उनका मतदान केंद्र राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, गादौरा (कमरा नंबर 04) निर्धारित किया गया था।
आदेश के अनुसार, दिनांक 13 नवंबर 2026 को मतदान दल के मतदान केंद्र पर पहुंचने के बावजूद श्री मीणा ने अपने नियत कर्तव्य स्थल पर उपस्थिति दर्ज नहीं कराई और वे चुनाव ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए। उनकी इस लापरवाही के कारण निर्वाचन कार्य के प्रभावित होने की स्थिति उत्पन्न हुई।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने इस कृत्य को राष्ट्रीय महत्व के संवैधानिक निर्वाचन जैसे अति-संवेदनशील कार्य में घोर लापरवाही और उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना माना है।
इसके चलते राजस्थान पंचायती राज अधिनियम 1994 की धारा 119-C, लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 134 और राजस्थान सिविल सेवाएं (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1958 के नियम-13 के तहत कार्रवाई करते हुए श्री प्रदीप कुमार मीणा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय जिला नियंत्रण कक्ष, कलेक्ट्रेट, खैरथल-तिजारा रहेगा। साथ ही, नियमानुसार उन्हें निर्वाहन भत्ता भी देय होगा। इस आदेश की प्रतिलिपि शिक्षा विभाग के निदेशक, संयुक्त निदेशक, संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य सहित कई अधिकारियों को भेजी गई है।

Post a Comment