Top News

नाले की सफाई नहीं होने से सड़क पर जलभराव, विद्यार्थियों का स्कूल जाना हुआ मुश्किल

हरसौली। कस्बे के बीबीरानी रोड से जटियाना मार्ग पर नालों की सफाई नहीं होने और पानी की उचित निकासी बाधित होने से मुख्य सड़क पर गंदा पानी भर गया है। इससे राहगीरों के साथ-साथ विद्यालय आने-जाने वाले विद्यार्थियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार इसी मार्ग पर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय और महात्मा गांधी उच्च माध्यमिक विद्यालय स्थित हैं, जहां बड़ी संख्या में विद्यार्थी प्रतिदिन पैदल आते-जाते हैं। जलभराव के कारण बच्चों को मजबूरन गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि बीबीरानी रोड पर आरओबी निर्माण कार्य के चलते नालों का निकास प्रभावित हुआ है। पूर्व में बनाए गए सोख्ता गड्ढे और नालियां मिट्टी, पॉलिथीन व कचरे से भर चुके हैं, जिससे पानी की निकासी पूरी तरह बाधित हो गई है।

ग्रामीण विक्रम सिंह चौधरी, रमेश पार्षद, अशोक जांगिड़, बद्री प्रसाद जांगिड़, शेर सिंह, बाबूजी सहित अन्य लोगों ने ग्राम पंचायत से नालों और सोख्ता गड्ढों की तत्काल सफाई कराकर जलनिकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि सड़क पर जलभराव समाप्त हो और विद्यार्थियों व ग्रामीणों को राहत मिल सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post