मुंडावर, 11 जुलाई। राजकीय महाविद्यालय मुंडावर में शनिवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के तत्वावधान में विश्व जनसंख्या दिवस मनाया गया। कार्यक्रम अधिकारी प्रो. नूरजमां खां ने छात्र-छात्राओं को बढ़ती जनसंख्या के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए जनसंख्या नियंत्रण का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि अनियंत्रित जनसंख्या वृद्धि से प्राकृतिक संसाधनों पर दबाव बढ़ता है, जीवन स्तर प्रभावित होता है तथा विकास की गति पर भी प्रतिकूल असर पड़ता है। उन्होंने विद्यार्थियों से जिम्मेदार नागरिक बनकर जनजागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
इसी क्रम में नई किरण नशा मुक्ति केंद्र में आयोजित नशा मुक्ति अभियान के तहत प्रो. ओम प्रकाश अलवरिया ने विद्यार्थियों को नशे के विभिन्न प्रकारों, उनके शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन अपनाने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के अंत में सभी छात्र-छात्राओं को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई तथा समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय योगदान देने का संकल्प कराया गया।
इस अवसर पर प्रो. पवन कुमार, प्रो. सतीश कुमार, श्रीमती सीमा, दिनेश भूटानी, राहुल सहित महाविद्यालय के शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
