खैरथल-तिजारा। समाज के होनहार विद्यार्थियों द्वारा IIT JEE Advanced 2026 में सफलता प्राप्त करने पर एक भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के प्रबुद्धजन, समाजसेवी, ग्रामीणजन, परिवारजन एवं समाज सुधारकों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम का आयोजन एवं संचालन अमीलाल बौद्ध के सानिध्य में किया गया। इस अवसर पर समाज के वरिष्ठ एवं सक्रिय समाजसेवी रघुवीर सिंह बौद्ध, श्यामलाल मेघवाल, समाज अध्यक्ष वीर सिंह धानका, गोपीचंद बुराड़िया सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान समाज के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की गई। उपस्थित लोगों ने कहा कि ऐसे सम्मान समारोह युवाओं को नई प्रेरणा देते हैं और शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करते हैं।
कार्यक्रम के अंतर्गत सिवाना निवासी गिरिराज डीलर के निवास पर भी पहुंचकर उनके सुपुत्र के JEE Advanced 2026 में चयन होने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। उपस्थित समाजजनों ने छात्र के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए इसे समाज के लिए गर्व का विषय बताया।
समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ तथा समाज के लोगों ने शिक्षा और प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को जारी रखने का संकल्प लिया।
