Top News

खैरथल-तिजारा जिला मुख्यालय को लेकर सरकार ने स्थिति की स्पष्ट, स्थानांतरण का कोई प्रस्ताव नहीं

जयपुर/खैरथल-तिजारा। राजस्थान विधानसभा के सत्र-5 में विधायक दीपचंद खैरिया द्वारा पूछे गए अतारांकित प्रश्न संख्या 7108 के जवाब में राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि खैरथल-तिजारा जिले का मुख्यालय वर्तमान में खैरथल ही रहेगा और इसे किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने का कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है।

राजस्व विभाग की ओर से विधानसभा में प्रस्तुत लिखित उत्तर में बताया गया कि जिले के गठन के बाद से ही खैरथल-तिजारा जिले का मुख्यालय खैरथल में स्थापित है तथा इसे अन्यत्र स्थानांतरित करने संबंधी कोई प्रस्ताव विभाग के स्तर पर प्रक्रियाधीन नहीं है।

विधायक द्वारा मुख्यालय परिवर्तन की आवश्यकता, प्रशासनिक, भौगोलिक एवं जनसंख्यात्मक आधारों के बारे में पूछे गए प्रश्न पर सरकार ने जवाब दिया कि इस प्रकार का कोई प्रस्ताव विभाग स्तर पर विचाराधीन ही नहीं है। इसी कारण कोई फाइल, नोटशीट, प्रस्ताव या संबंधित दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं हैं।

सरकार ने यह भी स्पष्ट किया कि खैरथल-तिजारा के अतिरिक्त किसी अन्य जिले के मुख्यालय अथवा नाम परिवर्तन का भी कोई प्रस्ताव वर्तमान में विचाराधीन नहीं है। साथ ही इस संबंध में किसी जनप्रतिनिधि, विधायक या अन्य व्यक्ति से कोई लिखित राय अथवा सुझाव भी प्राप्त नहीं हुआ है।

राजस्व विभाग के शासन उप सचिव हरि सिंह मीणा द्वारा जारी उत्तर से खैरथल-तिजारा जिला मुख्यालय को लेकर चल रही अटकलों पर फिलहाल विराम लग गया है।

मुख्य बिंदु:

  • खैरथल-तिजारा जिला मुख्यालय खैरथल में ही रहेगा
  • मुख्यालय स्थानांतरण का कोई प्रस्ताव नहीं।
  • विभाग स्तर पर कोई फाइल या प्रक्रिया विचाराधीन नहीं।
  • अन्य जिलों के मुख्यालय/नाम परिवर्तन का भी कोई प्रस्ताव नहीं।
  • किसी जनप्रतिनिधि से इस संबंध में कोई लिखित सुझाव प्राप्त नहीं हुआ।

प्रगति न्यूज़ | खैरथल-तिजारा जिला मुख्यालय को लेकर विधानसभा में सरकार का स्पष्ट जवाब।

Post a Comment

Previous Post Next Post