Top News

खैरथल में बालिका से दुष्कर्म मामले में आक्रोश, विभिन्न संगठनों ने जिला कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

खैरथल। खैरथल क्षेत्र में नाबालिग बालिका के साथ हुए जघन्य अपराध के आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर मंगलवार को विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं समाज के लोगों ने जिला कलेक्टर खैरथल-तिजारा को ज्ञापन सौंपा।

इस दौरान श्री जाटव समाज संस्थान खैरथल, मजदूर विकास फाउंडेशन, डॉ. अम्बेडकर मेमोरियल वेलफेयर सोसायटी, भीम आर्मी एकता मिशन सहित अन्य सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

प्रतिनिधिमंडल जब ज्ञापन देने जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचा तो उन्हें बताया गया कि जिला कलेक्टर बैठक में व्यस्त हैं और कुछ समय इंतजार करना होगा। इस पर उपस्थित लोगों में नाराजगी देखने को मिली। समाज के लोगों ने कहा कि यदि प्रशासन उनकी बात सुनने के लिए सामने नहीं आता है तो वे धरने पर बैठने को मजबूर होंगे।

इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी में देरी क्यों हो रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि कहीं दोषियों को बचाने का प्रयास तो नहीं किया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने मामले में त्वरित कार्रवाई कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग की।

संगठनों के प्रतिनिधियों ने कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो समाज को बड़े स्तर पर आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

रिपोर्ट: प्रगति न्यूज़, खैरथल

Post a Comment

Previous Post Next Post