खैरथल-तिजारा, 13 जून। तिजारा में कांग्रेस प्रत्याशी इमरान खान के मकान पर प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी खैरथल-तिजारा ने जिला अध्यक्ष बलराम यादव के नेतृत्व में जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की।
ज्ञापन में कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने राजनीतिक दबाव में आकर कार्रवाई की है। कांग्रेस का कहना है कि किसी भी कार्रवाई को कानून के दायरे में रहते हुए निष्पक्ष और समान रूप से किया जाना चाहिए तथा राजनीतिक आधार पर किसी को निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष बलराम यादव ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रशासन को निष्पक्ष रहकर कार्य करना चाहिए। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी इमरान खान ने कार्रवाई को राजनीतिक प्रतिशोध बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने ज्ञापन में यह भी मांग उठाई कि मौके पर पहुंचे अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भूमिका की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए, यदि उन्होंने निर्धारित नियमों के विपरीत कार्य किया हो।
ज्ञापन सौंपने के दौरान पूर्व प्रधान विजेंद्र चौहान, बाबूलाल यादव, रामअवतार चौधरी, गोपीचंद शर्मा, जयप्रकाश हेडाऊ, नारायण छंगाणी, माहीपाल चौहान, पवन खटाना, यश अग्रवाल, भूप सिंह मेघवाल, देवेंद्र विधूड़ी, प्रभुदयाल, मुकेश सैनी, भरत चौधरी, रामफूल, फतेह मोहम्मद, खुर्शीद खान, दौलत नागर, उस्मान खान, मनोज बुराडिया, राहुल रसगोन, अभिषेक हेडाऊ, शकील अहमद, संदीप अग्रवाल, सुंदर पटेल, संजय गुर्जर, रामनिवास प्रजापत सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से निष्पक्षता बनाए रखने और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
