कोटकासिम। महिला एवं बाल विकास विभाग के शासन सचिव, जिला कलेक्टर एवं सहायक निदेशक महिला अधिकारिता के निर्देशानुसार मंगलवार को बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय, कोटकासिम में नारी चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, साथिनों, महिलाओं एवं बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र, खुशखेड़ा की सामाजिक सलाहकार ने महिलाओं को घरेलू हिंसा, कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न, साइबर सुरक्षा तथा महिलाओं के कानूनी अधिकारों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।
इस दौरान महिलाओं को लाडो प्रोत्साहन योजना, उद्यम प्रोत्साहन योजना सहित विभिन्न महिला कल्याणकारी एवं उत्थानकारी योजनाओं की जानकारी देकर उनका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही महिला स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर चर्चा करते हुए एनीमिया, माहवारी स्वच्छता, पोषण एवं स्वास्थ्य जागरूकता के बारे में विस्तार से बताया गया।
नारी चौपाल का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक बनाना तथा उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने विभिन्न विषयों पर अपने विचार एवं समस्याएं भी साझा कीं।

