संवाददाता देवराज मीणा, मुण्डावर । क्षेत्र के गांव बासनी में 60 वर्षीय किसान बृजकिशोर योगी की हत्या के बाद ग्रामीणों और परिजनों में भारी आक्रोश फैल गया। घटना के विरोध में लोगों ने सड़क पर जाम लगाकर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। सूचना पर किशनगढ़बास डीएसपी लालसिंह यादव मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों व परिजनों से बातचीत कर मामले की जानकारी ली।
डीएसपी ने लोगों को भरोसा दिलाया कि हत्या के आरोपियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा तथा उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया और यातायात सुचारु हो गया।
पुलिस के अनुसार बासनी निवासी किसान बृजकिशोर योगी और गांव के ही राकेश उर्फ टिंकू के बीच घास और कूड़ा डालने को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि मंगलवार शाम राकेश अपने कुछ साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और पहले बृजकिशोर को बाइक से गिरा दिया। इसके बाद उन्हें घेरकर लात-घूंसों से बेरहमी से मारपीट की गई।
गंभीर रूप से घायल बृजकिशोर योगी को तत्काल मुंडावर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल एवं घटनास्थल पर पहुंच गए।
घटना के बाद आरोपी राकेश उर्फ टिंकू और उसके साथी फरार हो गए। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा आरोपियों की तलाश जारी है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाए। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

