मुण्डावर, राजकीय महाविद्यालय मुंडावर में 4 अप्रैल 2025 से संचालित रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम का आज सफलतापूर्वक समापन हो गया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर छात्राओं में उत्साह और आत्मविश्वास देखने को मिला।
समापन समारोह में प्रो. सतीश कुमार वर्मा ने छात्राओं को आत्मरक्षा के विभिन्न महत्वपूर्ण कौशलों की जानकारी देते हुए कहा कि बदलते समय में बालिकाओं का सजग और आत्मनिर्भर होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अनजान स्थानों पर यात्रा करते समय तथा अपरिचित व्यक्तियों से बातचीत के दौरान सावधानी बरतने के लिए भी जागरूक किया।
कार्यक्रम प्रभारी प्रो. नूरजमा खां ने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में आने वाली कठिन परिस्थितियों का डटकर सामना करना चाहिए और संघर्ष के मार्ग से कभी पीछे नहीं हटना चाहिए। उन्होंने आत्मविश्वास और साहस को सफलता की कुंजी बताया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के स्वयंसेवकों द्वारा महाविद्यालय परिसर में परिंडे लगाकर पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था की गई तथा “परिंडा लगाओ, परिंदा बचाओ” अभियान की शुरुआत की गई, जो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सराहनीय पहल है।
कार्यक्रम में श्रीमती सीमा देवी, दिनेश कुमार भूटानी एवं राहुल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
