खैरथल-तिजारा। मेघवाल विकास समिति, जिला खैरथल (राजस्थान) द्वारा राष्ट्रपति एवं राजस्थान के मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर एक नाबालिग युवक के साथ पुलिस हिरासत में कथित अत्याचार के मामले में न्याय की मांग की गई है।
ज्ञापन सौंपने में समिति के अध्यक्ष बनवारी लाल आर्य, उपाध्यक्ष श्यामलाल, कोषाध्यक्ष हरीश कुमार सहित हरिसिंह तोंदवाल (रायपुर मेवान) एवं किशनलाल गोठवाल (खैरथल) प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
ज्ञापन के अनुसार, ग्राम झिवाना निवासी 16 वर्षीय नाबालिग लोकेश कुमार को 21 अप्रैल 2026 को थाना भिवाड़ी फेज-3 पुलिस द्वारा बिना किसी सूचना और कानूनी प्रक्रिया के हिरासत में लिया गया। आरोप है कि हिरासत के दौरान उसके साथ बर्बरता से मारपीट की गई और थर्ड डिग्री दी गई, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई और वह अस्पताल में जीवन-मृत्यु के बीच संघर्ष कर रहा है।
परिजनों को उससे मिलने नहीं दिया गया और मामले को दबाने का भी प्रयास किया गया। समिति ने इसे मानवाधिकारों का गंभीर उल्लंघन बताया है।
📌 समिति की प्रमुख मांगें:
- मामले की निष्पक्ष जांच किसी उच्च स्तरीय एजेंसी या न्यायिक आयोग से करवाई जाए।
- दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई कर उन्हें तुरंत गिरफ्तार किया जाए।
- पीड़ित को निशुल्क एवं बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाई जाए।
- पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता एवं सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जाए।
- पीड़ित बच्चे के नाम से 1 करोड़ रुपये का मुआवजा प्रदान किया जाए।
- संबंधित थाना स्टाफ को निलंबित/बर्खास्त किया जाए।
- मामले में शामिल अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों की भी जांच हो।
- मेडिकल जांच उच्च स्तरीय डॉक्टरों से करवाई जाए।
- संबंधित एसएचओ/डीएसपी के खिलाफ भी जांच की जाए।
समिति ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला तो आंदोलन किया जाएगा।
