खैरथल-तिजारा, दिनांक 30 मार्च 2026 को एमिड संस्थान की ओर से किशनगढ़ बास क्षेत्र के 25 गांवों—मिर्जापुर, बाघोडा, खोयड़ा, न्याणा, मूसाखेड़ा, मांचा, ओदरा सहित तिजारा क्षेत्र की 30 लीडर बालिकाओं ने जिला खैरथल-तिजारा की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जया सिंह के साथ संवाद कार्यक्रम में भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान एमिड संस्थान के सचिव नूर मोहम्मद ने बताया कि उनकी संस्था वर्ष 2005 से मेवात क्षेत्र में बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है। गांव-गांव में लीडर बालिकाओं के माध्यम से शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाई जा रही है। साथ ही किशोरियों को जीवन में आने वाली चुनौतियों से निपटने के लिए जीवन कौशल (Life Skills) के विशेष सत्र भी आयोजित किए जाते हैं, जिससे उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।
संवाद के दौरान बालिकाओं ने अपने अनुभव साझा किए। मिर्जापुर की नुसरत ने बताया कि वह दसवीं तक शिक्षित हैं, शादीशुदा हैं और एक बच्चे की मां भी हैं। उन्होंने कहा कि एमिड संस्थान से जुड़ने के बाद उन्हें काफी सहयोग मिला है, जिसमें छात्रवृत्ति दिलाना और पढ़ाई से छूट चुकी बालिकाओं को फिर से शिक्षा से जोड़ना शामिल है।
वहीं सनोबर ने बताया कि संस्था की मदद से उन्हें छात्रवृत्ति मिली, जिससे उनकी पढ़ाई में सहायता हुई। बाघोडा की सानिया ने भावुक होकर बताया कि पहले उनके माता-पिता उन्हें पढ़ाना नहीं चाहते थे, लेकिन एमिड संस्थान के प्रयासों से आज वह एलएलबी की पढ़ाई कर रही हैं। उन्होंने अपना सपना एक बड़ी वकील बनकर गरीबों की सेवा करना बताया।
एमिड संस्थान की डिप्टी डायरेक्टर आशा नारंग ने बताया कि संस्था अब तक लगभग 18,000 बालिकाओं को शिक्षा से जोड़ चुकी है और आर्थिक रूप से कमजोर बालिकाओं को छात्रवृत्ति के माध्यम से उच्च शिक्षा तक पहुंचाने का कार्य कर रही है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जया सिंह ने संस्था के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि मेवात जैसे पिछड़े क्षेत्र में बालिका शिक्षा को बढ़ावा देना सराहनीय पहल है। उन्होंने बालिकाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि अपनी पहचान बनाना सबसे महत्वपूर्ण है, अपने लक्ष्य निर्धारित करें और उन्हें पाने के लिए निरंतर प्रयास करें। साथ ही परिवार की जिम्मेदारियों को ध्यान में रखते हुए आगे बढ़ने का संदेश भी दिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी बालिकाओं ने सामूहिक रूप से “वंदे मातरम्” गाकर देशभक्ति का संदेश दिया।
इस अवसर पर समुदाय समन्वयक जुमर खान, पी.सी. जगत, एमआई कोऑर्डिनेटर शहनाज, हारून सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

