कार्यक्रम की शुरुआत खैरथल स्थित अंबेडकर सर्किल पर भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की गई। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अंबेडकर सर्किल पर एकत्रित होकर गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों और महंगाई के खिलाफ केंद्र सरकार की नीतियों को जनविरोधी बताते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी से आम जनता की रसोई का बजट पूरी तरह बिगड़ गया है। पहले ही महंगाई की मार झेल रही जनता के लिए गैस सिलेंडर के दाम बढ़ना एक बड़ी समस्या बन गया है। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण पेट्रोल, डीजल और गैस के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है।
इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका पुतला दहन कर सरकार के प्रति रोष व्यक्त किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि जल्द ही गैस सिलेंडर की बढ़ी हुई कीमतों को वापस नहीं लिया गया तो कांग्रेस पार्टी आम जनता के साथ मिलकर और बड़े स्तर पर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
वक्ताओं ने कहा कि आज देश में महंगाई चरम पर है और आम आदमी का जीवन यापन करना कठिन होता जा रहा है। रसोई गैस, खाद्य सामग्री, पेट्रोल-डीजल सहित रोजमर्रा की वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे गरीब और मजदूर वर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहा है। सरकार को तुरंत प्रभाव से गैस सिलेंडर की कीमतों में राहत देते हुए आम जनता को राहत प्रदान करनी चाहिए।
इस विरोध प्रदर्शन में विक्रम सिंह चौधरी, रामचंद्र कामरेड, राजेंद्र रसगोन, राहुल पार्षद, मनोज पार्षद, अधिवक्ता रामौतार चौधरी सहित अन्य कई कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में बढ़ती महंगाई के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की।
प्रदर्शन के पश्चात कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने खैरथल व्यापार समिति के नवनिर्वाचित अध्यक्ष सर्वेश गुप्ता को उनके कार्यालय पहुंचकर बधाई दी और फूल-माला पहनाकर उनका स्वागत किया। इस दौरान सभी ने उनके सफल कार्यकाल की कामना करते हुए व्यापारियों के हित में बेहतर कार्य करने की उम्मीद जताई।
इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता खैरथल में जिला बचाओ संघर्ष समिति द्वारा चलाए जा रहे धरना स्थल पर पहुंचे और धरने के 218वें दिन आंदोलन को अपना समर्थन दिया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि जनता के हितों और क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों पर चल रहे इस आंदोलन का समर्थन करना आवश्यक है और कांग्रेस पार्टी हमेशा जनहित के मुद्दों के साथ खड़ी रहेगी।.jpg)

.jpg)