मुंडावर नगर पालिका क्षेत्र में 11,000 वोल्ट की हाई वोल्टेज बिजली लाइन लगातार टूटने की घटनाओं से लोगों में भारी दहशत का माहौल बना हुआ है। यह लापरवाही अब सीधे लोगों की जान के लिए खतरा बनती जा रही है।
ताज़ा घटना में यह लाइन गबदूराम के घर के ऊपर से टूटकर सीधे उनके आंगन में गिर गई। गनीमत रही कि उस समय कोई व्यक्ति इसकी चपेट में नहीं आया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। स्थानीय लोगों के अनुसार, इससे पहले भी दो बार इसी प्रकार लाइन टूटने की घटनाएं हो चुकी हैं।
वहीं, आज सुबह करीब 10 बजे झमेरी पुलिया – आमोठ मार्ग पर भी बड़ा हादसा टल गया। यहां 11 केवी बिजली लाइन अचानक टूटकर श्री रामेश्वर दयाल के घर के पास गिर गई। घटनास्थल के पास मौजूद एक महिला इसकी चपेट में आ गई, जिससे उसे करंट लगा और वह बेहोश हो गई। आसपास मौजूद लोगों को भी करंट के झटके महसूस हुए। घायल महिला को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के बाद उसे सुरक्षित छुट्टी दे दी गई।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद प्रशासन और संबंधित विभाग इस गंभीर समस्या को नजरअंदाज कर रहे हैं। लोगों ने मांग की है कि इस खतरनाक लाइन को जल्द से जल्द शिफ्ट किया जाए, अंडरग्राउंड किया जाए या फिर ऊंचा कर मजबूत लोहे के खंभों पर स्थापित किया जाए।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो भविष्य में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है, जिससे जान-माल का भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।
— संवाददाता: देवराज मीणा
