मुंडावर थाना क्षेत्र की बंजारा बस्ती में आपसी विवाद को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हो गया। झगड़े में दोनों पक्षों से चार लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए राजकीय चिकित्सालय मुंडावर में भर्ती कराया गया।
घटना की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल के बाहर एकत्र हो गए। घायलों की हालत और कार्रवाई की मांग को लेकर आक्रोशित ग्रामीणों ने मुंडावर–सोडावास मार्ग पर जाम लगा दिया, जिससे आवागमन बाधित हो गया।
सूचना मिलने पर मुंडावर थानाधिकारी पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से समझाइश की। पुलिस के आश्वासन के बाद करीब 20 मिनट में जाम खुलवाया गया और यातायात सामान्य हुआ।
पुलिस ने बताया कि घटना को लेकर दोनों पक्षों से जानकारी जुटाई जा रही है। घायलों का उपचार जारी है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।