खैरथल-तिजारा, 16 अक्टूबर। जिला कलेक्टर किशोर कुमार के निर्देशानुसार जिले के सभी उपखंड अधिकारी एवं तहसीलदारों द्वारा जिले भर में चिकित्सालयों का सघन निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। जिले भर में कुल 36 सीएचसी/ पीएचसी का निरीक्षण किया गया।
औचक निरीक्षण के दौरान सभी अधिकारियों द्वारा जिले भर की सीएससी/पीएससी में टीकाकरण, बायोमेडिकल वेस्ट निस्तारण, अस्पताल में हुए प्रसव की संख्या, पार्किंग, लेबर रूम में स्वच्छता, नियुक्त कार्मिकों की संख्या सहित कुल स्वीकृत पदों की संख्या, ड्यूटी रोस्टर, भवन/परिसर की स्थिति, ओपीडी/ आईपीडी संख्या सहित उपकरणों की स्थिति की जांच की गई।
उपखण्ड आधिकारी तिजारा द्वारा पीएचसी डोटाणा का निरिक्षण किया गया, जहाँ पर सफाई व्यवस्था अत्यंत उत्कृष्ट पाई गई, सभी कार्मिक मौके पर उपस्थित मिले तथा डाटा फीडिंग का कार्य व्यवस्थित एवं अद्यतन पायी गई। निरीक्षण के दौरान टपूकड़ा में एक, किशनगढ़ बास में 5, कोटकासिम में एक, मुंडावर में 7 कार्मिक अनुपस्थित पाए गए जिस पर जिला कलेक्टर ने नियम अनुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
सभी अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर मरीजों से उनका हाल-चाल पूछा तथा अस्पताल द्वारा दी जा रही सुविधाओं व उपचार के बारे में फीडबैक लिया। सभी अधिकारियों ने अस्पतालों में मिली अनियमिताओं को निर्धारित समय अवधि में सही करने के निर्देश दिए। अस्पताल में हेल्प डेस्क, रोगियों हेतु सूचना बोर्ड, सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं से संबंधित बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए गए।













