खैरथल में बाईपास रेलवे ओवरब्रिज निर्माण व MDR-25 को राज्य मार्ग घोषित करने की मांग


Deepchand
दीपचन्द
संवाददाता: प्रगति न्यूज़, खैरथल शहर

किशनगढ़ बास विधायक दीपचन्द खैरीया ने खैरथल क्षेत्र के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने खैरथल में बाईपास रेलवे ओवरब्रिज निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करने और MDR-25 (किशनगढ़ बास-खैरथल-बानसूर-कोटपूतली) मार्ग को राज्यमार्ग घोषित करने की मांग की है।

विधायक खैरीया ने पत्र में बताया कि खैरथल-किशनगढ़ बास-कोटपूतली MDR-25 पर रेलवे ओवरब्रिज के लिए राज्य सरकार द्वारा पहले ही 50 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। इस पर कार्य टेंडर जारी होने के बाद भी शुरू नहीं हो सका है। उन्होंने आग्रह किया है कि इस निर्माण को प्राथमिकता देते हुए शीघ्र शुरू करवाया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को जाम और आवागमन की समस्या से राहत मिल सके।

उन्होंने कहा कि MDR-25 मार्ग दो जिलों को जोड़ता है और इसे राज्यमार्ग घोषित करने से यातायात सुगम होगा तथा विकास की नई संभावनाएँ खुलेंगी। खास बात यह है कि इसको राज्य मार्ग घोषित करने से राज्य सरकार पर कोई अतिरिक्त आर्थिक भार नहीं पड़ेगा।

जनहित से जुड़े इस मुद्दे को लेकर विधायक खैरीया की यह पहल खैरथल और आसपास के क्षेत्रों के लिए बेहतर यातायात सुविधा और विकास का मार्ग प्रशस्त कर सकती है।

Post a Comment

Previous Post Next Post