पूर्व IPS किशन सहाय ने सभी मुख्यमंत्रियों को लिखा खुला पत्र, प्रेमी युगलों के मानवाधिकारों की सुरक्षा की उठाई मांग

होटलों में चेकिंग के नाम पर पुलिस पर परेशान करने और अपमानित करने के आरोप, ग्रामीण क्षेत्रों में आम लोगों द्वारा ब्लैकमेल करने का भी किया उल्लेख

जयपुर। पूर्व आईपीएस अधिकारी किशन सहाय ने 19 नवंबर 2026 को देश के सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के नाम खुला पत्र लिखकर प्रेमी युगलों के मानवाधिकारों की रक्षा करने की मांग उठाई है। पत्र में उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

किशन सहाय ने पत्र में आरोप लगाया कि होटल चेकिंग के दौरान और अन्य स्थानों पर कई बार पुलिसकर्मी प्रेमी युगलों को परेशान करते हैं, उनका अपमान करते हैं और बेवजह सवाल-जवाब करते हैं, जबकि यह उनकी ड्यूटी का हिस्सा नहीं है।

उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों की स्थिति का उल्लेख करते हुए लिखा कि कई बार कुछ आम लोग भी प्रेमी युगलों को पकड़कर ब्लैकमेल करने लगते हैं। यहां तक कि महिला के साथ संबंध बनाने की कोशिश भी की जाती है। उन्होंने इसे अपराध, प्रेमी युगलों के जीवन में दखलंदाजी और उनके मानवाधिकारों का हनन बताया।

पूर्व आईपीएस किशन सहाय ने सभी मुख्यमंत्रियों से आग्रह किया है कि वे अपने-अपने राज्यों के पुलिस महानिदेशकों को इस संबंध में आवश्यक निर्देश जारी करें, ताकि प्रेमी युगलों के मानवाधिकारों का हनन रोका जा सके और उन्हें अनावश्यक उत्पीड़न से सुरक्षा मिल सके।

पत्र के अंत में उन्होंने अपना परिचय पूर्व आईपीएस अधिकारी एवं मानवतावादी विश्व समाज के संरक्षक के रूप में दिया है।

प्रगति न्यूज़

Post a Comment

Previous Post Next Post