मालाखेड़ा/अलवर। ग्राम सुमेल में दलित अधिकार केन्द्र, अलवर के तत्वावधान में दलित महिला समूह के साथ एक दिवसीय चर्चा बैठक आयोजित की गई। बैठक में महिलाओं को संवैधानिक अधिकारों, कानूनी सुरक्षा और आर्थिक आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक किया गया।
दलित अधिकार केन्द्र के जिला समन्वयक शैलेष गौतम ने महिलाओं को मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी देते हुए शिक्षा एवं स्वरोजगार को सशक्तीकरण का माध्यम बताया। मुख्य वक्ता भीम आर्मी के प्रदेश महासचिव शेरसिंह बौद्ध ने दलित एवं महिलाओं के खिलाफ होने वाले अत्याचारों पर चिंता जताते हुए एससी/एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम, पॉक्सो एक्ट, एससी-एसटी डेवलपमेंट फंड एक्ट 2022 और कार्यस्थल पर महिला उत्पीड़न रोकथाम कानून की जानकारी दी।
महिला समूह अध्यक्ष सुशीला देवी ने आर्थिक स्वावलंबन के साथ बालिका शिक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की। बैठक में सविता, कविता, निर्मला, मीना, अनीता सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं मौजूद रहीं।
Tags
अलवर
