Top News

राहुल गांधी के नेतृत्व की जीत पर कांग्रेस ने निकाला विजय मशाल जुलूस

खैरथल। जिला कांग्रेस कमेटी खैरथल-तिजारा के तत्वावधान में शनिवार शाम शनि मंदिर फाटक से अंबेडकर सर्किल तक विजय मशाल जुलूस निकाला गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में मशालें और तख्तियां लेकर शहर के प्रमुख मार्गों से मार्च किया तथा केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जुलूस के दौरान कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। "पेपर चोर गद्दी छोड़" और "चंदा चोर गद्दी छोड़" जैसे नारों से पूरा शहर गूंज उठा।

अंबेडकर सर्किल पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष बलराम यादव ने कहा कि देश के नेता राहुल गांधी ने पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दे पर संसद से लेकर सड़क तक युवाओं की आवाज बुलंद की। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार लंबे समय तक अपनी हठधर्मिता पर अड़ी रही, लेकिन देशभर में उठे जनदबाव और कांग्रेस के आंदोलन के आगे उसे झुकना पड़ा। उन्होंने कहा कि यह संघर्ष देश के करोड़ों युवाओं की जीत का प्रतीक है और इसी खुशी में कांग्रेस विजय मशाल जुलूस निकाल रही है।

बलराम यादव ने कहा कि लगातार सामने आए पेपर लीक के मामलों ने लाखों युवाओं की
मेहनत और भविष्य पर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने महंगाई, बेरोजगारी और किसानों की समस्याओं का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि केंद्र सरकार जनहित के मुद्दों पर पूरी तरह विफल रही है। कांग्रेस युवाओं के भविष्य से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेगी।

इस अवसर पर तिजारा विधानसभा के कांग्रेस प्रत्याशी इमरान खान ने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाओं ने युवाओं का भरोसा तोड़ा है। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है तथा कांग्रेस युवाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष जारी रखेगी।

सभा में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा पहले ही हो जाना चाहिए था। उनका कहना था कि शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही तय किए बिना युवाओं का विश्वास बहाल नहीं हो सकता। नेताओं ने कहा कि जब तक युवाओं को न्याय नहीं मिलेगा और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता स्थापित नहीं होगी, कांग्रेस का संघर्ष लगातार जारी रहेगा।

कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मशालें लहराकर युवाओं के अधिकारों की रक्षा का संकल्प लिया। पूरे आयोजन के दौरान पुलिस प्रशासन मुस्तैद रहा और जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष विक्की चौधरी, जय प्रकाश हड़ाउ, जसवंत यादव दयाराम चावड़ा तेजपाल शर्मा स्माइल खान पंकज रोघा , सरजीत मेघवाल, बक्सनंद भारती, शकील अहमद दौलत नगर फतेह मोहम्मद उस्मान खान प्रेम प्रकाश , महेश गुर्जर हरिओम यादव अजीज एडवोकेट, एडवोकेट मुकेश सैनी भारत सिंह हर्षवर्धन खेरिया,रूपेश यादव , अनीश खान एडवोकेट खुर्शीद खान डॉक्टर असदुद्दीन, महरदीन, वीरपाल, रामचंद्र कामरेड महेश वासु पवन वासु मनोज बरडिया मनोज बुराडिया राहुल पार्षद, अभिषेक हड़ाऊ राजेंद्र चौधरी, मुशर्रफ  एडवोकेट तैयब,अब्बास खान, अय्यूब, आसम खान रवि, गुलशन, मुनमुन चौधरी, बबला यादव सहित हजारों की संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post