Top News

गो सम्मान आह्वान अभियान: 27 जुलाई को खैरथल में निकलेगी विशाल रैली, चार लाख से अधिक हस्ताक्षरित समर्थन पत्र होंगे प्रेषित

खैरथल। गो सम्मान आह्वान अभियान के दूसरे चरण के तहत सोमवार, 27 जुलाई को देशभर के लगभग 790 जिलों में एक साथ जिला मुख्यालयों पर प्रार्थना पत्र सौंपे जाएंगे। खैरथल-तिजारा जिले में भी अभियान की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अभियान के जिला प्रभारी देशपाल यादव ने प्रेस वार्ता में बताया कि जिले की सातों तहसीलों से चार लाख से अधिक नागरिकों ने हस्ताक्षर कर गौ संरक्षण और गौ माता को राष्ट्रमाता का सम्मान देने की मांग का समर्थन किया है।

उन्होंने बताया कि 27 जुलाई को सुबह 9:30 बजे अग्रसेन चौक, खैरथल से संत-महात्माओं, गौभक्तों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों की मौजूदगी में रामधुनी के साथ विशाल रैली निकाली जाएगी। रैली अंबेडकर सर्किल होते हुए जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचेगी, जहां जिला कलेक्टर के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम प्रार्थना पत्र भेजे जाएंगे।

देशपाल यादव ने कहा कि अभियान का उद्देश्य देशभर में गोवध पर प्रभावी रोक, गौ संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देना तथा गौ माता को राष्ट्रमाता का सम्मान दिलाने की मांग को सरकार तक पहुंचाना है। उन्होंने जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर इसे सफल बनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर राव पवन एडवोकेट, प्रथम डाटा, राजू गुर्जर, यशपाल आचार्य, अतुल यादव, पुलकित यादव, शुभम शर्मा, मनीष यादव सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post