एमिड संस्था ने 25 गांवों में चलाया ओपन शिक्षा जागरूकता अभियान, बालिकाओं को शिक्षा से जोड़ने का दिया संदेश

खैरथल-तिजारा/किशनगढ़ बास। अलवर मेवात शिक्षा एवं विकास संस्था (एमिड) द्वारा संचालित "बेहतर कल के लिए पहल" परियोजना के अंतर्गत 16 एवं 17 जुलाई 2026 को किशनगढ़ बास क्षेत्र के 25 गांवों में दो दिवसीय ओपन शिक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान गांवों की चौपालों एवं ढाणियों में पहुंचकर ग्रामीणों को राजस्थान राज्य ओपन स्कूल के माध्यम से शिक्षा प्राप्त करने के अवसरों की विस्तृत जानकारी दी गई।

एमिड संस्था के सचिव नूर मोहम्मद के निर्देशन में ग्रामीणों को बताया गया कि अनेक बालिकाएं सामाजिक एवं पारिवारिक कारणों से पढ़ाई बीच में छोड़ देती हैं, लेकिन राजस्थान राज्य ओपन स्कूल के माध्यम से वे अपनी अधूरी शिक्षा पूरी कर अपने सपनों को साकार कर सकती हैं। संस्था ऐसे विद्यार्थियों, विशेषकर बालिकाओं, को हरसंभव सहयोग प्रदान कर रही है।

संस्था के प्रबंध निदेशक शाहरुख नूर ने बताया कि एमिड पिछले 26 वर्षों से मेवात क्षेत्र में बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने का कार्य कर रही है। संस्था अब तक लगभग 19 हजार बालिकाओं को शिक्षा से जोड़ चुकी है। इनमें से कई छात्राओं ने ओपन बोर्ड से दसवीं एवं बारहवीं उत्तीर्ण कर उच्च शिक्षा की ओर कदम बढ़ाए हैं।

एमिड की डिप्टी डायरेक्टर आशा नारंग ने कहा कि मेवात क्षेत्र में स्कूलों की दूरी, घरेलू एवं कृषि कार्यों में व्यस्तता, असामाजिक तत्वों का भय तथा बाल विवाह जैसी समस्याओं के कारण कई बालिकाएं शिक्षा से वंचित रह जाती हैं। ऐसे में राजस्थान राज्य ओपन स्कूल उनके लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में ओपन बोर्ड के प्रवेश फॉर्म भरे जा रहे हैं। दसवीं में प्रवेश के लिए न्यूनतम आयु 14 वर्ष तथा बारहवीं के लिए 15 वर्ष निर्धारित है। आवेदन हेतु आधार कार्ड, जन आधार, बैंक पासबुक, टीसी/मार्कशीट एवं पासपोर्ट आकार का फोटो आवश्यक है। बिना विलंब शुल्क के आवेदन की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 निर्धारित है।

अभियान के दौरान ग्रामीणों से अपने बच्चों, विशेषकर बालिकाओं, को शिक्षा से जोड़ने की अपील करते हुए कहा गया कि "जितना अधिकार बालक का है, उतना ही बालिका का भी है।"

इस अवसर पर जुमर खान, हारून खान एवं पिंकी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Tara Chand Khoydawal

संस्थापक:- मजदूर विकास फाउंडेशन,संपादक:- प्रगति न्यूज़,लेखक, न्यूज़ के लिए सम्पर्क करें 8503000882

Post a Comment

धन्यवाद। आप जैसे जागरूक पाठकों का सहयोग हमें और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देता है, 🙏 आपके समर्थन और विश्वास के लिए पुनः धन्यवाद। प्रगति न्यूज़ हमेशा सच्ची और निष्पक्ष खबरें आप तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

Previous Post Next Post